IPL 2021 : आरसीबी की अब कोलकाता से होगी भिड़ंत, सीजन में अजेय रिकॉर्ड बरकरार रखना चाहेगी विराट की टीम


RCB VS KKR

आईपीएल के 14वें सीजन के 10वें मुकाबले में विराट कोहली की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर (RCB) टीम रविवार को कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) से भिड़ेगी. यह मुकाबला चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाना है. बैंगलोर टीम ने सीजन में अभी तक अपने दोनों मुकाबले जीते हैं और वह टेबल में टॉप पर है. सफेद गेंद में दुनिया के दो सर्वश्रेष्ठ कप्तान आमने-सामने होंगे ऑयन मॉर्गन और विराट कोहली.

विश्व कप विजेता इंग्लैंड के कप्तान मॉर्गन आईपीएल की अपनी टीम केकेआर को फिर से पटरी पर लाने के लिए उत्सुक होंगे. कोलकाता ने चेन्नई के इसी मैदान पर सनराइजर्स हैदराबाद को 10 रन से हराकर सीजन में जीत से आगाज किया लेकिन अगले ही मुकाबले में मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार झेलनी पड़ी. मुंबई की ओर से मिले 153 रन के लक्ष्य को भी हैदराबाद टीम हासिल नहीं कर सकी थी.

दूसरी तरफ बैंगलोर की टीम ने रिकॉर्ड पांच बांर की चैंपियन मुंबई इंडियंस टीम को सीजन के अपने पहले मैच में हराया और फिर हैदराबाद को 6 रन से मात दी. अब विराट कोहली की टीम का सामना मॉर्गन की कप्तानी वाली टीम से होगा.

केकेआर टीम के साथ आंद्रे रसेल चिंता बने हुए हैं. उन्होंने सीजन के 2 मैचों में 6 विकेट झटके हैं लेकिन बल्ले से वह प्रभावित नहीं कर सके हैं. उन्होंने केवल 14 रन बनाए हैं. उप-कप्तान दिनेश कार्तिक भी दबाव में नजर आते हैं जब बीच के ओवरों में रनों की जरूरत होती है. युवा ओपनर नीतीश राणा ने दमदार प्रदर्शन किया है और शुभमन गिल भी फॉर्म में लौटने की कोशिशों में हैं.

चेपॉक की धीमी पिच पर बाद के ओवरों में बल्लेबाजी मुश्किल हो जाती है. ऐसे में आरसीबी जैसी स्टार बल्लेबाजों से भरी टीम के सामने केकेआर को काफी मेहनत करनी होगी. दूसरी तरफ आरसीबी में कप्तान विराट कोहली, धुरंधर एबी डिविलियर्स और ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल शामिल हैं जो किसी भी मुकाबले का परिणाम बदलने की काबिलियत रखते हैं. वहीं, गेंदबाजी में भी काइल जैमीसन, मोहम्मद सिराज, नवदीप सैनी, हर्षल पटेल जैसे विकल्प मौजूद हैं.


Post a Comment

0 Comments